चेरियाबरियारपुर. गुरुवार की रात्रि प्रखंड मुख्यालय के बगल से नवटोलिया जाने वाली सड़क में स्टेट ट्यूबवेल के समीप सड़क दुघर्टना में एक युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की अहले सुबह जब लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल पर गई. तो पास में ही एक युवक का शव भी देखा. इसके उपरांत उक्त मनहूस खबर जंगल में आग की तरह फ़ैल गई. तथा देखते ही देखते लोगों का हुजूम दुर्घटना स्थल के समीप जमा हो गया. इस दौरान युवक की पहचान शाहपुर पंचायत के धर्मपुर गांव निवासी रामानुज सिंह के लगभग 30 वर्षीय पुत्र गणेश कुमार सिंह के रूप में की गई है.
बताया जाता है उक्त युवक धर्मपुर चौक पर कटघरे में दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया है. जबकि सूचना पर चेरिया बरियारपुर थानाध्यक्ष अमर कुमार दलबदल के साथ मौके पर पहुंचे. तथा गहन छानबीन के उपरांत शव का पंचनामा तैयार कर कब्जे में ले लिया. हालांकि दुर्घटना स्थल पर लोग तरह-तरह की बातें करते दिखे. इस दौरान कई लोग युवक की अन्यत्र हत्या कर शव को ठिकाना लगाने के उद्देश्य से यहां पर दुर्घटना का रूप देने की चर्चा चल रही थी.
आक्रोशित लोगों ने की कुछ देर सड़क जाम, पुलिस ने हटाया: थाना पुलिस के द्वारा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजने की तैयारी चल रही थी. तभी कुछ आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम करने की नाकाम कोशिश में जुट गए. हालांकि थाना पुलिस के द्वारा तत्परता दिखाते हुए आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया गया. तथा मात्र 10 मिनट के अंदर सड़क जाम को समाप्त करा दिया गया. इस दौरान स्थल जितनी मुंह उतनी बातें सुनने को मिल रही थी. कोई दुर्घटना के कारण मृत्यु हो जाने की बात कर रहे थे. तो कोई हत्या कर शव को ठिकाना लगाने तथा दुर्घटना का रूप देने के उद्देश्य से वहां पर शव को फेंक देने की बात कह रहे थे. हालांकि पुलिस लोगों के आक्रोश को समाप्त कराकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेजा दिया.
मृतक की मां, पत्नी और दो मासूम बच्चे की चित्कार से गांव मातमी सन्नाटा : शुक्रवार की सुबह जैसे ही परिजनों को उक्त मनहूस खबर पहुंची. माता बचनी देवी, पत्नी राधा देवी एवं दो मासूम बच्चे पांच वर्षीय रमण कुमार एवं 8 वर्षीया लवली कुमारी चित्कार मार कर रोने लगी. परिजनों के क्ररूण क्रंदन से पूरे मुहल्ले में मातमी सन्नाटा पसरा गया. इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि बम-बम सिंह, सरपंच प्रतिनिधि कन्हैया कुमार सहित अन्य दर्जनों लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देते दिखे. ग्रामीणों की मानें तो मृतक अकेले कमाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी मृत्यु से परिवार एवं मासुम बच्चों के समक्ष बड़ी समस्याएं खड़ी हो गई है.
पत्नी राधा देवी ने थाने में दिया आवेदन : मृतक की पत्नी राधा देवी ने चेरिया बरियारपुर थाने में एक आवेदन दिया है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त आवेदन में पीड़ित पत्नी ने दुर्घटना के उपरांत पानी में डूबकर मौत हो जाने की बात कही है. वहीं थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया पुलिस हरेक एंगल से छानबीन करने में जुटी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले का खुलासा हो जाएगा. प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटना से संबंधित ही प्रतीत होता है. पुलिस बारीकी से मामले की छानबीन कर रही है.



