Begusarai Encounter: नोनपुर के बहियार में STF का एक्शन, वांछित नक्सली दयानंद मालाकार ढेर



Begusarai Encounter: नोनपुर के बहियार में STF का एक्शन, वांछित नक्सली दयानंद मालाकार ढेर

file photo


बेगूसराय | Spy Inside India News

बेगूसराय पुलिस और STF को बुधवार को बड़ी सफलता मिली, जब तेघड़ा थाना क्षेत्र के नोनपुर गांव के बहियार इलाके में हुई मुठभेड़ में कुख्यात नक्सली एरिया कमांडर दयानंद मालाकार को मार गिराया गया। दयानंद इलाके में छोटू, दमन, कुलवीर और आकाश जैसे कई नामों से अपनी पहचान छिपाकर गतिविधियां चला रहा था।

विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, STF को सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा दयानंद अपने पैतृक गांव में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहा है। इनपुट मिलते ही टीम ने इलाके में सटीक घेराबंदी की और जैसे ही पुलिस ने उसे ललकारा, उसने सीधे फायरिंग शुरू कर दी।

स्थिति बिगड़ते देख STF ने मोर्चा संभाला। करीब आधे घंटे चली मुठभेड़ में दोनों ओर से 20 से ज्यादा गोलियां चलीं, जिसमें दयानंद गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

इनामी और सीरियल अपराधी

दयानंद मालाकार पर बेगूसराय, खगड़िया और मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक अधिनियम समेत 16 से अधिक केस दर्ज थे। उसके खिलाफ पुलिस मुख्यालय ने ₹50,000 का इनाम भी घोषित कर रखा था।

अफसरों की मौजूदगी, इलाका छावनी में तब्दील

मुठभेड़ की खबर मिलते ही बेगूसराय एसपी मनीष कुमार और डीआईजी आशीष भारती घटनास्थल पर पहुंचे और कार्रवाई की जानकारी ली। एफएसएल टीम द्वारा साक्ष्य संकलन का काम जारी है।

संभावित नक्सली गतिविधियों को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और नोनपुर समेत आसपास के इलाकों में जोरदार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


🕵️‍♂️ Spy Inside India News
देश की गुप्त खबर, सबसे पहले