अधिकारियों की टीम ने चिमनी भट्ठों के मालिकों को जागरुक करते हुए बाल श्रमिकों से काम नहीं लेने की दिया हिदायत




चेरिया बरियारपुर (बेगूसराय) : श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों की टीम द्वारा शुक्रवार को चेरिया बरियारपुर, खोदाबंदपुर एवं छौड़ाही के विभिन्न ईंट चिमनी भट्ठे का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में श्रमप्रवर्तन अधिकारियों की टीम ने चिमनी भट्ठों के मालिकों को जागरुक करते हुए बाल श्रमिकों से काम नहीं लेने की हिदायत भी दिया। निरीक्षण टीम ने इस दौरान कहा कि बच्चों से काम लेना अपराध है। साथ ही श्रम विभाग के कानून व नियमों की जानकारी से अवगत भी कराया गया। वहीं उपस्थित मजदूरों से मजदूरी व सुरक्षा की जानकारी को साझा किया गया। इस संबंध में जानकारी देते हुए चेरिया बरियारपुर के श्रम प्रवर्तन अधिकारी दिवाकर कुमार, खोदाबंदपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार झा एवं वीरपुर के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी मंदीप कुमार द्वारा संयुक्त रूप से बताया गया कि श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम लगातार विभिन्न ईंट चिमनी भट्ठों का निरीक्षण कर रही है। जानकारी संकलित कर प्रतिवेदन भेजा जाएगा। साथ ही प्रखंड एवं जिला स्तर पर संकलित प्रतिवेदन को श्रम न्यायालय व मुख्यालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।