बेगूसराय | Spy Inside India
सोनपुर रेल मंडल के डिविजनल रेलवे मैनेजर (डीआरएम) अमित शरण बुधवार को अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत बेगूसराय पहुंचे। आगमन के पश्चात उन्होंने बेगूसराय रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई, यात्री सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, प्लेटफॉर्म की स्थिति, सर्कुलेटिंग एरिया तथा चल रहे विकास कार्यों की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया तथा सभी विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने पर जोर दिया।
10 एनएफआर स्टॉलों का उद्घाटन
निरीक्षण उपरांत डीआरएम अमित शरण ने स्टेशन परिसर में स्थापित एनएफआर (नॉन फेयर रेवेन्यू) के 10 स्टॉलों का उद्घाटन किया। इन स्टॉलों के शुरू होने से यात्रियों को खाद्य पदार्थ, दैनिक उपयोग की सामग्री सहित अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इससे रेलवे की आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
ZRUCC सदस्य ने रखीं प्रमुख मांगें
इसी दौरान ZRUCC (जोनल रेलवे यूजर्स कंसल्टेटिव कमेटी) के सदस्य दिलीप कुमार सिन्हा ने डीआरएम से मुलाकात कर बेगूसराय स्टेशन एवं जिले से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण समस्याओं को उनके समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि बेगूसराय एक प्रमुख औद्योगिक जिला होने के बावजूद अभी तक रेल सुविधाओं के मामले में अपेक्षित विकास से वंचित है।
उन्होंने प्रमुख रूप से —
- बेगूसराय से हावड़ा के लिए सीधी ट्रेन सेवा,
- बेगूसराय से मुंगेर के लिए नई रेल सेवा,
- बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए प्लेटफॉर्म संख्या 3 एवं 4 का निर्माण,
- तथा वर्षों से लंबित लोहिया नगर लाइट ओवर ब्रिज (FOB/LOB) के शीघ्र निर्माण की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि लोहिया नगर क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों लोग रेल लाइन पार करते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
दो माह में शुरू होगा लोहिया नगर लाइट ओवर ब्रिज
डीआरएम अमित शरण ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए लोहिया नगर लाइट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य आगामी दो माह के भीतर शुरू कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि बेगूसराय से हावड़ा एवं मुंगेर के लिए नई ट्रेनों के प्रस्ताव रेलवे के उच्च स्तर पर विचाराधीन हैं और शीघ्र ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।
डीआरएम के इस आश्वासन के बाद स्थानीय नागरिकों, रेल यात्रियों एवं जनप्रतिनिधियों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि यदि ये घोषणाएं धरातल पर उतरती हैं, तो बेगूसराय रेलवे स्टेशन का समग्र विकास होगा और जिले की रेल कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी।

