बेगूसराय में 10वीं की छात्रा ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम
खोदावंदपुर, बेगूसराय | Spy Inside India
इस वक्त की सबसे बड़ी खबर बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र से सामने आ रही है, जहाँ दौलतपुर पंचायत के मोहनपुर गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 जनवरी की दोपहर एक 10वीं कक्षा की छात्रा ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान मोहनपुर गांव वार्ड संख्या-1 निवासी चंदन कुमार महतो की 16 वर्षीय पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में की गई है।
प्रियंका कुमारी उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय बेगमपुर की छात्रा थी और आगामी 17 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 में शामिल होने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह अपनी प्रायोगिक परीक्षा भी दे चुकी थी।
घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतका की मां पिंकी कुमारी, दो भाई विकास कुमार और आकर्ष रविराज, तथा बहन कोमल कुमारी का रो-रो कर बुरा हाल है। प्रियंका अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी।
घटना की सूचना मिलते ही खोदावंदपुर थाना अध्यक्ष चंदन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंजलि भारद्वाज, श्रवण यादव एवं एएसआई प्रवीण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बेगूसराय भेज दिया है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। फिलहाल आत्महत्या के कारणों को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच में जुटी हुई है।

