30 जनवरी को बेगूसराय आएंगे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 1300 करोड़ की योजनाओं की रखेंगे आधारशिला



बरौनी (बेगूसराय): बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी संभावित समृद्धि यात्रा के तहत 30 जनवरी को बेगूसराय जिले के दौरे पर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पटना से सीधे हेलीकॉप्टर के माध्यम से दिन के लगभग 11:30 बजे बखरी में निर्माणाधीन थाना के समीप स्थित डिग्री कॉलेज मैदान के हेलीपैड पर उतरेंगे।

हेलीपैड से मुख्यमंत्री सड़क मार्ग द्वारा लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित घाघरा पंचायत पहुंचेंगे, जहां वे नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन का फीता काटकर उद्घाटन करेंगे। इसी परिसर में जिले की हजारों करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जीविका दीदियों द्वारा लगाए गए दर्जनों स्टॉलों का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही घाघरा पंचायत में बने ओबीसी छात्रावास सह आवासीय 10+2 विद्यालय का भी उद्घाटन किया जाएगा। मुख्यमंत्री बखरी स्थित बी.एड. कॉलेज भवन तथा बखरी अनुमंडलीय नए अस्पताल भवन का निरीक्षण भी करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से बरौनी प्रखंड के समीप न्यू इंडस्ट्री कैंपस, बियाडा पहुंचेंगे। यहां वे लगभग 1300 करोड़ रुपये की लागत वाली रिलायंस कैंपा कोला फैक्ट्री की आधारशिला रखेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री जन संवाद कार्यक्रम के तहत आम लोगों से सीधा संवाद करेंगे और अधिकारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक भी करेंगे।

सभी कार्यक्रमों के समापन के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पटना के लिए प्रस्थान कर जाएंगे।