नेताजी सुभाषचंद्र बोस हम सभी युवाओं के लिए प्रेरणादायक : ABVP छात्र नेता कन्हैया कुमार
मंझौल, बेगूसराय।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) उत्तर बेगूसराय जिला केंद्र के मंझौल नगर इकाई द्वारा गुरुवार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला सहसंयोजक रवि कुमार एवं नगर मंत्री मुकेश कुमार के नेतृत्व में मंझौल खैरा टोला स्थित महादलित मोहल्ले में किया गया।
इस अवसर पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा छात्र-छात्राओं के बीच क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कर पठन-पाठन सामग्री का वितरण किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों बच्चों ने भाग लिया।
मौके पर उपस्थित ABVP छात्र नेता कन्हैया कुमार ने कहा कि नेताजी सुभाषचंद्र बोस हम सभी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा’ का नारा देकर आज़ाद हिन्द फौज का गठन किया और देश की स्वतंत्रता के लिए निर्णायक संघर्ष किया। उनके नारों ‘जय हिन्द’ और ‘दिल्ली चलो’ ने लाखों देशवासियों को प्रेरित किया। वे एक प्रभावशाली वक्ता और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अमित कुमार सिंह गप्पू, जिला प्रमुख रविराज सिंह, नगर अध्यक्ष अविनाश कुमार एवं विशेष आमंत्रित प्रांत पदाधिकारी श्वेतनिशा ने संयुक्त रूप से कहा कि नेताजी की स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका अतुलनीय थी। वे साहसी, निडर और राष्ट्र के प्रति पूर्णतः समर्पित नेता थे। भगवद गीता से प्रेरणा लेकर उन्होंने अंग्रेजों के विरुद्ध संघर्ष किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।
वरिष्ठ छात्र नेता दीपक कुमार, आरसीएस कॉलेज उपाध्यक्ष अनुराग कुमार, वरिष्ठ कार्यकर्ता सचिन कुमार एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रिचा रानी ने कहा कि नेताजी न केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे, बल्कि वे समाजवादी विचारधारा के प्रबल समर्थक भी थे। उनकी जयंती पर उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर आज का युवा आगे बढ़ेगा।
वहीं राष्ट्र कलामंच इकाई प्रमुख शगुन भारती, शालिनी राज एवं रितिका रानी ने कहा कि वर्ष 1942 में महात्मा गांधी ने सुभाषचंद्र बोस को ‘देशभक्ति का राजकुमार’ कहा था। नेताजी के निधन की खबर पर गांधीजी ने उनकी देशभक्ति को अतुलनीय बताया था, जो उनकी महानता को दर्शाता है।
कार्यक्रम में अमित कुमार सिंह गप्पू, रवि कुमार, मुकेश कुमार, अनुराग कुमार, सचिन कुमार, आदित्य कुमार, रामलगन यादव, रामकुमार, शालिनी राज, शगुन भारती, रितिका रानी, रिचा रानी, प्रियांशु कुमार, श्यामजी, रिशुराज, सुमन कुमार, आँचल कुमारी, शिवानी कुमारी, पूजा कुमारी, डेजी कुमारी, संध्या कुमारी, रिशु कुमारी, मीनाक्षी कुमारी सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

