बेगूसराय जिले में चयनित होम गार्ड अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण में हो रही देरी को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया है। चेरियाबरियारपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिषेक आनंद ने इस संबंध में बिहार सरकार के माननीय गृह मंत्री को पत्र लिखकर शीघ्र प्रशिक्षण प्रारंभ कराने की मांग की है।
विधायक द्वारा 9 जनवरी 2026 को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि बेगूसराय जिले में होम गार्ड भर्ती प्रक्रिया के तहत अनेक अभ्यर्थियों का चयन हो चुका है, लेकिन चयन प्रक्रिया पूरी होने के लगभग चार माह बाद भी प्रशिक्षण प्रारंभ नहीं हो पाया है। इससे अभ्यर्थी मानसिक, आर्थिक एवं व्यावहारिक असमंजस की स्थिति में हैं।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिला प्रशासन से बातचीत के दौरान जानकारी मिली कि कुछ अभ्यर्थियों द्वारा अनियमितता का आरोप लगाए जाने के बाद गृह विभाग द्वारा प्रशिक्षण पर रोक लगा दी गई है। जबकि होम गार्ड जैसी महत्वपूर्ण सेवा राज्य की आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाती है।
विधायक अभिषेक आनंद ने गृह मंत्री से अनुरोध किया है कि बेगूसराय जिले के चयनित होम गार्ड अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण को शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु संबंधित विभाग एवं प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर प्रशिक्षण मिल सके और राज्य को उनकी सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस मुद्दे को लेकर जिले के चयनित अभ्यर्थियों में भी काफी उम्मीद जगी है कि जल्द ही प्रशिक्षण प्रक्रिया शुरू होगी और लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता समाप्त होगी।

