गश्ती के दौरान महिला की जान बची, पति गिरफ्तार; दो बाइक व हथियार बरामद

 


Spy Inside India | बेगूसराय

बेगूसराय पुलिस ने सघन गश्ती के दौरान एक महिला की जान बचाते हुए उसके पति को गिरफ्तार किया है। घटना छौड़ाही थाना क्षेत्र के गढ़ारी बहियार की है, जहां सुनसान स्थान पर महिला की हत्या का प्रयास किया जा रहा था।

घटना का विवरण
पुलिस कार्यालय, बेगूसराय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 15 जनवरी 2026 की शाम छौड़ाही थानाध्यक्ष जितेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ गश्ती पर थे। गढ़ारी बहियार में दो मोटरसाइकिलें लावारिस हालत में खड़ी दिखीं। संदेह होने पर पुलिस ने जांच शुरू की, तभी दो लोग पुलिस को देखकर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। इसी दौरान एक महिला सरसों के खेत से दौड़ते हुए घायल अवस्था में पुलिस के पास पहुंची।

घायल महिला ने अपना नाम खुशबू देवी (32 वर्ष), पति अमित कुमार, निवासी तारा बरियारपुर, वार्ड-09, थाना खोदावंदपुर, जिला बेगूसराय बताया। उसने बताया कि पति अमित कुमार उसे जयमंगलागढ़ मंदिर में पूजा कराने लाया था। वापसी के दौरान सुनसान स्थान पर पति और उसके एक साथी ने उसे खेत में ले जाकर जान से मारने की नीयत से गला दबाना शुरू किया। तभी पुलिस के पहुंचने से उसकी जान बच गई।

बरामदगी व कार्रवाई
घटनास्थल से पुलिस ने दो मोटरसाइकिल, नारंगी रंग का टूटा हुआ लाठी और मिट्टी लगा हुआ ग्लास बरामद कर जब्त किया। घायल महिला का इलाज कराया गया। महिला के फर्दबयान पर छौड़ाही थाना में कांड संख्या 07/26 (दिनांक 15.01.26) के तहत धारा 109(1)/3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिक अभियुक्त अमित कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस अपील
बेगूसराय पुलिस ने नागरिकों से किसी भी आपात स्थिति में 112 डायल करने की अपील की है।

Spy Inside India