बेगूसराय में अपराधियों का तांडव, युवक की गोली मारकर हत्या




बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय जिले में एक बार फिर अपराधियों का मनोबल बढ़ता नजर आ रहा है। ताजा मामला सोमवार की शाम एफसीआई थाना क्षेत्र अंतर्गत बीहट नगर परिषद के वार्ड संख्या–29 का है, जहां अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।

मृतक की पहचान बीहट नगर परिषद के इब्राहिमपुर मुशीटोल निवासी अकलु महतो के 21 वर्षीय पुत्र छोटु कुमार के रूप में हुई है।

दुकान पर हुई कहासुनी के बाद मारी गोली

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम छोटु कुमार अपने गांव के पास एक दुकान पर सामान खरीदने गया था। इसी दौरान उसी गांव के एक युवक से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद के कुछ ही देर बाद आरोपी युवक ने छोटु कुमार को गोली मार दी। गोली लगते ही वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में छोटु कुमार को इलाज के लिए बेगूसराय सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंची पुलिस, हथियार बरामद

घटना की सूचना मिलते ही बेगूसराय डीएसपी-2 पंकज कुमार, बरौनी सर्किल इंस्पेक्टर अमलेश कुमार और एफसीआई थाना अध्यक्ष विनीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। हालांकि समाचार प्रेषण तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इलाके में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।