खोदावंदपुर, बेगूसराय। खोदावंदपुर पोखर के समीप बेगूसराय–रोसड़ा मुख्य पथ (एसएच-55) पर मंगलवार को एक बेलगाम टैंकर की टक्कर से ठेला चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया। घायल की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के चेरिया गांव निवासी भोला साह के 30 वर्षीय पुत्र रमेश साह के रूप में की गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साइकिल सवार और ठेला चालक दोनों आपस में सहोदर भाई थे। दोनों अलग-अलग कार्य निपटाकर अपने घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार टैंकर ने पहले साइकिल सवार को टक्कर मारी और फिर ठेला से जा टकराई, जिससे दोनों भाई घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तथा खोदावंदपुर थाना के पु.अ.नि. अख्तर हुसैन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर, क्षतिग्रस्त ठेला और साइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

