खोदावंदपुर (बेगूसराय)। बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुर गांव, वार्ड नंबर–01 से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। इस संबंध में बेगूसराय पुलिस ने 21 जनवरी 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पूरे मामले की जानकारी दी है।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 21 जनवरी की शाम लगभग 3 बजे खोदावंदपुर थाना को सूचना मिली कि मोहनपुर गांव में एक नाबालिग लड़की ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी है। सूचना के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर खोदावंदपुर थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच-पड़ताल शुरू की।
स्थानीय लोगों और परिजनों से पूछताछ के दौरान मृतका की पहचान प्रियंका कुमारी (उम्र 15 वर्ष), पिता चंदन कुमार, निवासी मोहनपुर, थाना खोदावंदपुर, जिला बेगूसराय के रूप में की गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका का किसी युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसकी जानकारी परिवार को हो गई थी। परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर छात्रा मानसिक दबाव में थी और डर के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया, ऐसा प्रथम दृष्टया सामने आया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके की विधिवत जांच की और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी सूचित किया। वहीं, मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
बेगूसराय पुलिस ने बताया कि अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मंझौल के नेतृत्व में खोदावंदपुर थाना की पुलिस टीम द्वारा मामले के सभी पहलुओं पर गहन छानबीन की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना के बाद मोहनपुर गांव में शोक का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई जारी है।

