खोदावंदपुर/बेगूसराय। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को खोदावंदपुर प्रखंड मुख्यालय परिसर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को उनके मताधिकार के प्रति जागरूक करना तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ मिथलेश बिहारी वर्मा ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मतदाता शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से सभी को लोकतंत्र में पूर्ण आस्था रखते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव की गरिमा बनाए रखने तथा बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के मतदान करने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर बीडीओ ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक योग्य नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने मताधिकार का प्रयोग करे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान से ही मजबूत, पारदर्शी और जवाबदेह लोकतंत्र की स्थापना संभव है।
कार्यक्रम में बीएलओ व प्रखंडकर्मी सुशील कुमार, विकास मित्र, नाजिर रामजप्पो पासवान, मिथिलेश चंद्र झा, शिक्षक अवनीश कुमार वर्मा, नरेश महतो (खोदावंदपुर) सहित अन्य प्रखंडकर्मी, शिक्षक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

