:
GPDP 2026-27: ‘स्वस्थ ग्राम’ थीम पर मुखिया का विशेष प्रशिक्षण शुरू
LSDG के तहत जिला प्रशासन की पहल, पिरामल फाउंडेशन का तकनीकी सहयोग
ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) 2026-27 को अधिक प्रभावी, जनोन्मुखी और स्वास्थ्य-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से जिले में आज से पंचायतों के मुखिया का ‘स्वस्थ ग्राम (Healthy Village)’ थीम पर विशेष प्रशिक्षण शुरू किया गया। यह प्रशिक्षण लोकल सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स (LSDG) के अंतर्गत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित किया गया है।
प्रशिक्षण में पिरामल फाउंडेशन के तकनीकी सहयोग के साथ प्रदान एवं अन्य सहयोगी संस्थानों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान पंचायत प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और व्यवहार परिवर्तन से जुड़े विषयों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि स्वस्थ ग्राम थीम अपनाने से गांवों में बीमारियों की रोकथाम संभव होगी। इससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार, कुपोषण और एनीमिया पर नियंत्रण, स्वच्छ पेयजल और स्वच्छ वातावरण का विकास होगा। साथ ही ग्रामीणों के इलाज पर होने वाला खर्च घटेगा और जीवन स्तर में सुधार आएगा।
प्रशिक्षण में आदर्श आरोग्य दिवस (VHSND) को प्रत्येक पंचायत में नियमित और प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर विशेष बल दिया गया। मुखिया को सलाह दी गई कि वे स्वयं इसकी निगरानी करें, ताकि टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच, बच्चों का पोषण आकलन और स्वास्थ्य परामर्श समय पर सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोद भराई और अन्नप्राशन कार्यक्रम को उत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया गया, जिससे समुदाय की भागीदारी बढ़े और पोषण से जुड़े संदेश व्यापक स्तर तक पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि GPDP के तहत स्वस्थ ग्राम थीम में आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, पोषण अभियान, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन, नियमित टीकाकरण तथा ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन जैसी योजनाओं को पंचायत स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ लागू किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि पंचायतों की सक्रिय भूमिका से प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित होगी। योजनाओं के क्रियान्वयन की सतत निगरानी से स्वास्थ्य और पोषण संकेतकों में ठोस सुधार देखने को मिलेगा, जिससे समग्र ग्रामीण विकास को गति मिलेगी।

