पटना के चानोर टावर में भीषण आग, कपड़े की दुकान जलकर खाक

पटना के चानोर टावर में भीषण आग, कपड़े की दुकान जलकर खाक

दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू



पटना: राजधानी पटना के संपतचक बाजार स्थित इलाही बाग के पास सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत ‘चानोर टावर’ में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि टावर में स्थित एक कपड़े की दुकान इसकी चपेट में आ गई। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों ने आग लगते ही गोपालपुर थाना को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद पूरी इमारत घने धुएं से भर गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। एहतियातन आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखा गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है।

इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि दुकान में रखा कीमती सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।