खोदावंदपुर में भीषण सड़क हादसा: SH-55 पर दो बाइकों की टक्कर, तीन युवक गंभीर रूप से घायल




खोदावंदपुर/बेगूसराय।

खोदावंदपुर बाजार के मुख्य पथ एसएच-55 पर गुरुवार को दो बाइकों के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खोदावंदपुर में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय रेफर कर दिया।

घायलों की पहचान खोदावंदपुर पंचायत के बजही टोला निवासी रामचंद्र महतो के 20 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार, मेघौल गांव निवासी राजीव रंजन के 20 वर्षीय पुत्र अतुल कुमार एवं इसी गांव के संतोष कुमार के 18 वर्षीय पुत्र सुंदरम कुमार के रूप में की गई है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइक तेज गति से चल रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही खोदावंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।


दौलतपुर-मालीपुर मार्ग पर बाइक फिसली, युवक व बच्चा घायल

वहीं दूसरी ओर, दौलतपुर-मालीपुर मुख्य पथ पर अमरदीप डिजिटल धर्मकांटा के समीप एक बाइक चालक अचानक संतुलन खो बैठा। हादसे में बाइक चालक और पीछे बैठा एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।

स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए रोसड़ा के एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। घायल युवक की पहचान छौड़ाही थाना क्षेत्र के भोजा, शाहपुर गांव निवासी के रूप में बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को अपने कब्जे में ले लिया है।