बेगूसराय: पथराहा गांव हत्या कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए




खोदावन्दपुर/बेगूसराय। 

बाड़ा पंचायत अंतर्गत पथराहा गांव में युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में बेगूसराय जेल भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पथराहा गांव वार्ड संख्या 10 निवासी मोहम्मद छोटन के पुत्र मोहम्मद जमशेद, मोहम्मद नौशाद की पत्नी आलिया खातून तथा मोहम्मद छोटन की पत्नी खुशबूदा खातून के रूप में हुई है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए खोदावन्दपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि 30 जनवरी को पथराहा गांव निवासी मोहम्मद यूसुफ के पुत्र मोहम्मद जुबेर की हत्या जलावन के मामूली विवाद को लेकर पीट-पीटकर कर दी गई थी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल उत्पन्न हो गया था।

मामले में मृतक की पत्नी मन्नू खातून के बयान पर खोदावन्दपुर थाना कांड संख्या 08/26 दर्ज किया गया था, जिसमें आरोपियों को नामजद किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुप्त सूचना के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी उनके घर से की।

थानाध्यक्ष ने बताया कि कांड के अनुसंधानकर्ता सह अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए मंझौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस निरीक्षक सुबोध कुमार ने भी खोदावन्दपुर थाना पहुंचकर गिरफ्तार आरोपियों से आवश्यक पूछताछ की।

फिलहाल पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।