खोदावंदपुर, बेगूसराय। मंगलवार की दोपहर तारा चौक से नरहन जाने वाली मुख्य सड़क उस समय अफरातफरी में बदल गई, जब महना बांध के समीप दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में एक युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल युवक की पहचान समस्तीपुर जिले के सरैया गांव निवासी जय किशोर विश्वकर्मा के 30 वर्षीय पुत्र रामकिशोर विश्वकर्मा के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष सुबोध कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोदावंदपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल बेगूसराय रेफर कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दूसरी बाइक का चालक टक्कर मारते ही मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी और चश्मदीदों के बयान के आधार पर जांच में जुट गई है।

.jpeg)