खोदावंदपुर/बेगूसराय – प्रखंड क्षेत्र में सार्वजनिक सुविधाओं पर अतिक्रमण का मामला लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला दौलतपुर पेट्रोल पंप के समीप स्थित यात्री पड़ाव का है, जो अब पूरी तरह फल मंडी में तब्दील हो चुका है।
जानकारी के अनुसार, यात्रियों के ठहरने और बस का इंतजार करने के लिए बनाए गए इस यात्री पड़ाव पर फल विक्रेताओं ने स्थायी रूप से दुकानें सजा ली हैं। चारों ओर दुकानों से घिर जाने के कारण यात्रियों को बैठने या धूप-बारिश से बचने की कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रखंड क्षेत्र के अधिकांश यात्री पड़ाव अतिक्रमण की चपेट में हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे आम यात्रियों, खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने जिला पदाधिकारी से अविलंब अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि यात्री पड़ाव को मूल स्वरूप में बहाल कर यात्रियों को आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

